-
पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ चोरी और सबूतों से छेड़छाड़ का आरोपी
-
आरोपी की पहचान रजत उर्फ रज्जू, निवासी कांगड़ा, के रूप में हुई
-
दाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस का तलाशी अभियान जारी
Prisoner Escapes from Court : कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में बुधवार दोपहर को कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी की पहचान रजत उर्फ रज्जू, निवासी वार्ड-7, डूंगा बाजार, मंदिर रोड, कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ चोरी और सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले गगल और कांगड़ा पुलिस थाने में दर्ज हैं। इन मामलों में उसे जिला कारागार धर्मशाला में कैद रखा गया था।
बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाना था, लेकिन पेशी से पहले ही उसने पुलिस को चकमा देकर भागने में सफलता पा ली। पुलिस को जब इस बात की जानकारी मिली तो तुरंत ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी दाड़ी इलाके की ओर भागा है, जिसके चलते वहां और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
कांगड़ा के एएसपी हितेष लखनपाल ने बताया कि पुलिस फरार हुए कैदी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फरार कैदी के कारण इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है। हालांकि, अब तक उसका कोई ठिकाना नहीं मिल पाया है, लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि वह जल्द ही शिकंजे में होगा।