➤ निलंबित सांसदों के समर्थन में प्रदर्शन के बीच आमना-सामना
➤ “Hello brother, my traitor friend” टिप्पणी से बढ़ा तनाव
➤ पलटवार में ‘देश का दुश्मन’ कहा, नारेबाजी से गरमाया माहौल
नई दिल्ली। बजट सत्र के दौरान संसद परिसर के मकर द्वार पर सियासी माहौल उस समय गरमा गया, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आमने-सामने आ गए। लोकसभा से निलंबित 8 विपक्षी सांसदों के समर्थन में विपक्षी दल प्रदर्शन कर रहे थे और उसी दौरान यह घटनाक्रम सामने आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। माहौल तब और गर्म हुआ जब राहुल गांधी ने शिष्टाचार के तौर पर हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।
बताया जाता है कि इसी पल राहुल गांधी ने अंग्रेजी में कहा, “Hello brother, my traitor friend.” यह सुनते ही आसपास खड़े सांसदों के बीच हलचल बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस टिप्पणी पर पलटवार करते हुए रवनीत बिट्टू ने राहुल गांधी को ‘देश का दुश्मन’ कहा और बिना रुके संसद भवन के भीतर चले गए।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद कुछ विपक्षी सांसदों की ओर से ‘सरेंडर, सरेंडर’ के नारे भी लगाए गए, जिससे टकराव और ज्यादा मुखर हो गया। घटना ने बजट सत्र के बीच पक्ष-विपक्ष के टकराव को और उभार दिया है।
इधर, संसद के भीतर भी कई मुद्दों को लेकर गतिरोध बना हुआ है। विपक्ष का आरोप है कि उसे सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा, जबकि सरकार का कहना है कि विपक्ष कार्यवाही में व्यवधान डाल रहा है। इस सार्वजनिक तकरार के बाद दोनों दलों ने एक-दूसरे पर बयानबाजी तेज कर दी है।



