➤ कांगड़ा जिले को तोड़ने पर कोई चर्चा नहीं हो सकती, मेरा स्टैंड बिल्कुल क्लियर है: आरएस बाली
➤ सरकार में नए जिले बनाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई, ऐसी बात करना तर्कसंगत नहीं
➤ कांगड़ा के सभी विधायक एकमत, कोई नहीं चाहेगा कि उसका जिला टूटे
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं कांग्रेस विधायक आरएस बाली ने कांगड़ा जिले को तोड़ने की चर्चाओं पर दो टूक रुख साफ किया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले को तोड़ने पर कोई चर्चा नहीं हो सकती और इस मुद्दे पर उनका स्टैंड पूरी तरह क्लियर है।
बाली ने कहा कि कोई भी नहीं चाहेगा कि कांगड़ा जिले को तोड़ा जाए। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में कांगड़ा जिले के सभी विधायकों का एक ही मत है और किसी की राय अलग नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी विधायक जिले के विभाजन के पक्ष में नहीं है।
सरकार के स्तर पर चर्चा को लेकर बाली ने स्पष्ट किया कि सरकार में नए जिले बनाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चा करना तर्कसंगत भी नहीं है। इसके पीछे उन्होंने आर्थिक पहलू का तर्क दिया। बाली के अनुसार आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) रुका हुआ है और सरकार को अभी विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना है। ऐसे में नए जिले बनाने से अरबों रुपए का वित्तीय बोझ पड़ेगा, जिसे उठाना संभव नहीं है।
कांगड़ा के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व का जिक्र करते हुए बाली ने कहा कि कांगड़ा देवताओं और फौजियों की भूमि है। उन्होंने कहा कि यहां के सबसे ज्यादा फौजियों ने देश के लिए शहादत दी है। कांगड़ा हिमाचल का सबसे बड़ा जिला है, जिसमें 15 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। बाली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के समय से ही कांगड़ा की अहम भूमिका रही है।
भावनात्मक जुड़ाव की बात करते हुए बाली ने कहा कि कांगड़ा जिले की अहमियत लोगों के दिलों से जुड़ी है। जो भी कांगड़ा जिले में पैदा होता है, वह गर्व से कहता है कि वह हिमाचल के सबसे बड़े जिले से है। उन्होंने कहा कि जिले की इस पहचान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि न ऐसी कोई बात सामने आई है और अगर आती भी है तो उस पर बात नहीं हो सकती।
बता दें कि कांंगड़ा हिमाचल की राजनीति में सबसे ज्यादा विधानसभा सीटों वाला जिला है, इसलिए यहां के किसी भी प्रशासनिक बदलाव की चर्चा सीधे राजनीतिक रूप ले लेती है। नए जिलों का गठन सिर्फ नक्शा बदलने का मामला नहीं होता। इसके लिए नए कार्यालय, कर्मचारी, भवन और संसाधन चाहिए होते हैं, जिन पर भारी खर्च आता है। बाली का बयान इसी वित्तीय पहलू और जनभावना, दोनों को जोड़कर आया है।



