Follow Us:

आरएस बाली ने बड़ोह में बीपीएल परिवारों से किया संवाद, जनसमस्याओं के समाधान को अधिकारियों को दिए निर्देश

➤ बड़ोह में बीपीएल में चयन हेतु चिन्हित परिवारों से संवाद कर सुनी समस्याएं

➤ सरौत्री वन विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के बाद किया उद्घाटन

➤ 61 माइल एचआरटीसी वर्कशॉप में कर्मचारियों से मिले, मौके पर सुनी जनसमस्याएं


कांगड़ा। पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के तहत विकास खंड बड़ोह द्वारा आयोजित खंड-स्तरीय संवाद बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बीपीएल में चयन हेतु चिन्हित परिवारों के साथ आत्मीय भेंट कर संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना।

आरएस बाली ने बैठक के दौरान पात्र परिवारों से सीधे बातचीत की और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके उपरांत उन्होंने वन विश्राम गृह सरौत्री के जीर्णोद्धार कार्य के बाद उसका उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकारी परिसंपत्तियों का उचित रखरखाव और उनका बेहतर उपयोग क्षेत्र के विकास तथा लोगों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण है।

इसके बाद आरएस बाली ने 61 माइल स्थित एचआरटीसी वर्कशॉप में एचआरटीसी परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने एचआरटीसी कर्मचारियों से आत्मीय भेंट की और उनके साथ संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जाना।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने विभिन्न जनसमस्याओं को उनके समक्ष रखा। आरएस बाली ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर ही समस्याओं पर चर्चा की और उनके संतोषजनक समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आरएस बाली ने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ मिलकर प्रभावी तरीके से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ आम जनता से निरंतर संवाद बनाए रखना भी जरूरी है। जनप्रतिनिधि और प्रशासन जब लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझते हैं, तो उनके समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और परिणामदायी बनती है।