Follow Us:

Video: “यह रिश्तों, भाईचारे और विकास की जीत है, जीतने वाले ही नहीं बल्कि पीछे रहे उम्मीदवार भी उतने ही सम्माननीय हैं” : आरएस बाली

➤ नगरोटा बगवां नगर परिषद चुनाव के बाद आरएस बाली ने सभी विजयी और पराजित उम्मीदवारों को दिया सम्मान का संदेश

➤ बोले- यह पार्टी नहीं, रिश्तों, भाईचारे और विकास का चुनाव था

➤ राहुल धीमान के अध्यक्ष बनने को बताया नगरोटा बगवां की जनता का फैसला


नगरोटा बगवां नगर परिषद चुनाव परिणामों के बाद विधायक एवं एचपीटीडीसी चेयरमैन आरएस बाली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जीत दर्ज करने वाले सभी पार्षदों को बधाई दी। इस दौरान उनके साथ चुनाव जीतकर आए पार्षद और समर्थक भी मौजूद रहे।

आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा बगवां नगर परिषद चुनाव पूरी तरह रिश्तों, भाईचारे और स्थानीय मुद्दों का चुनाव था। यह चुनाव किसी राजनीतिक पार्टी के सिंबल पर नहीं लड़ा गया और सभी उम्मीदवारों ने अपने दम पर चुनाव लड़ा।

उन्होंने कहा कि “जो लोग जीत गए हैं, वे सम्माननीय हैं, लेकिन जो कुछ वोटों से पीछे रह गए हैं, उनका भी उतना ही सम्मान है। चुनाव में कोई हारता नहीं, कोई थोड़ा पीछे रह जाता है।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरएस बाली ने नगरोटा बगवां नगर परिषद में अध्यक्ष पद को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में कुल सात पार्षद हैं और जनता ने राहुल धीमान को अध्यक्ष पद के लिए चुना है। बाली ने कहा कि राहुल धीमान लंबे समय से कांग्रेस विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता रहे हैं और अब जनता ने उन्हें नगर परिषद का नेतृत्व सौंपा है।

उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां की राजनीति विकास के मुद्दे पर आगे बढ़ेगी। चुनाव जीतकर आए सभी पार्षद नगरोटा बगवां को आगे ले जाने के लिए एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास ही सबसे बड़ी विचारधारा है और जनता ने उसी सोच को समर्थन दिया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरएस बाली ने यह भी कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले सभी 18 उम्मीदवार उनके लिए समान हैं। जो सात उम्मीदवार जीतकर आए हैं और जो चुनाव में पीछे रह गए, सभी क्षेत्र के सम्माननीय लोग हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने अच्छे चेहरों को मौका दिया है और सभी ने मेहनत के साथ चुनाव लड़ा।

आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा बगवां में विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सभी की प्राथमिकता होगी। सड़क, सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद अब समय विकास और काम करने का है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पार्षदों ने भी कहा कि नगरोटा बगवां में विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और नगर परिषद क्षेत्र में लोगों की समस्याओं को मिलकर हल किया जाएगा।

वार्ड नंबर-1 से राकेश कायस्था ने 378 वोट लेकर मदन लाल को 217 मतों से हराया, जबकि 7 वोट नोटा को पड़े। वार्ड नंबर-2 में सपना कटोच ने कांटे की टक्कर में पूजा देवी को 8 मतों से पराजित किया। सपना को 269 वोट मिले, जबकि एक वोट नोटा को पड़ा। वार्ड नंबर-3 में बेहद रोचक मुकाबला देखने को मिला, जहां आशा कुमारी ने ममता को मात्र एक वोट से हराया। आशा को 146, ममता को 145 और अंजना गिल को 117 वोट मिले, जबकि 3 वोट नोटा को पड़े।

वार्ड नंबर-4 में 4 उम्मीदवार मैदान में थे। राहुल धीमान ने 216 वोट हासिल कर बिशन दास को 44 मतों से हराया। वहीं अर्जुन को 72 और दूसरे प्रत्याशी राहुल को 36 वोट मिले। वार्ड नंबर-5 में मधु शर्मा ने 371 वोट प्राप्त कर सुभद्रा देवी को 224 मतों से मात दी। रानी परमार को 30 वोट मिले तथा 4 वोट नोटा को पड़े। वार्ड नंबर-6 से दीपशिखा ने 300 वोट लेकर कांता मेहरा को 87 मतों से हराकर जीत दर्ज की, जबकि 3 वोट नोटा को मिले। वार्ड नंबर-7 में मुकेश मेहता ने 213 वोट हासिल कर रजनी कायस्था को 19 मतों से पराजित किया।

सवाल-जवाब के प्रमुख अंश


सवाल: भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की भी एंट्री दिखाई दे रही है, इसे कैसे देखते हैं?
आरएस बाली: यह चुनाव किसी पार्टी सिंबल पर नहीं लड़ा गया। सभी उम्मीदवारों ने अपने दम पर चुनाव लड़ा। कई जगह हमारे लोग भी अलग-अलग खड़े थे। यह रिश्तों और स्थानीय मुद्दों का चुनाव था।

सवाल: क्या अब नगरोटा बगवां में विकास के मुद्दे पर सभी एक साथ दिखाई देंगे?
आरएस बाली: बिल्कुल। आज सभी लोग यहां एक साथ बैठे हैं। इसका मतलब साफ है कि नगरोटा बगवां के विकास के लिए सभी आगे आना चाहते हैं। विकास ही सबसे बड़ी विचारधारा है।

सवाल: कांग्रेस की दो सीटें थीं, लेकिन अब तस्वीर अलग दिख रही है?
आरएस बाली: मैं किसी को हारा हुआ नहीं मानता। जो कुछ वोटों से पीछे रह गए हैं, वे भी सम्माननीय हैं। जनता ने रिश्तों और विश्वास के आधार पर फैसला दिया है।

सवाल: राहुल धीमान के अध्यक्ष बनने को कैसे देखते हैं?
आरएस बाली: जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है। राहुल धीमान कांग्रेस विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता रहे हैं और अब लोगों ने उन्हें नगर परिषद तक पहुंचाया है।

सवाल: क्या भविष्य में और लोग भी आपके साथ आ सकते हैं?
आरएस बाली: मेरे लिए चुनाव लड़ने वाले सभी 18 उम्मीदवार समान हैं। जो जीते हैं और जो पीछे रह गए हैं, सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं।

सवाल: आशा वालिया के साथ मंच साझा करने के क्या मायने हैं?
आरएस बाली: यह विकास और भाईचारे का मंच है। नगरोटा बगवां को आगे बढ़ाने के लिए सभी साथ आना चाहते हैं।