➤ समलोटी स्कूल में संपन्न हुई जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता, वाद-विवाद में समलोटी और समूह नृत्य में पलियार रहा प्रथम
➤ पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आरएस बाली ने की शिरकत, झमाकड़ा लोकनृत्य के उत्थान के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा
➤ विजेता और उपविजेता टीमों के प्रतिभागियों को मुख्यातिथि ने पुरस्कार देकर किया सम्मानित
नगरोटा बगवां के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समलोटी में आयोजित जिला स्तरीय छात्रा वर्ग की सांस्कृतिक प्रतियोगिता रविवार को धूमधाम के साथ संपन्न हो गई। इस दो दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ में जिलेभर के विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता में मेजबान समलोटी स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि समूह नृत्य प्रतियोगिता में पलियार स्कूल ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
समारोह के समापन अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आरएस बाली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाली विजेता और उपविजेता टीमों के प्रतिभागियों को अपने हाथों से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यातिथि ने जिला कांगड़ा के पारंपरिक झमाकड़ा लोकनृत्य को देश और प्रदेश स्तर पर और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने पर जोर दिया। इसके संरक्षण और उत्थान की कवायद को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपनी ओर से 1 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की, जिसकी उपस्थित लोगों ने खासी सराहना की।
समारोह के दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य विशाल महाजन सहित मंच संचालक कैलाश शर्मा, मुनीष शर्मा, तेजपाल, बलवीर और गुरपाल ने मुख्यातिथि आरएस बाली का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम पूजा अधिकारी, मान सिंह, राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार प्राप्त डॉ. जन्मेज्य गुलेरिया, प्रताप रियाड, राहुल धीमान, दिवाकर सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और शिक्षक मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों के परिणामों की बात करें तो वाद-विवाद प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समलोटी प्रथम स्थान पर रहा। कुटियाडा एवं मटौर स्कूल संयुक्त रूप से द्वितीय रहे, जबकि रेनबो वर्ल्ड स्कूल भवारना, धर्मशाला और रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवां ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा संस्कृत गीतिका प्रतियोगिता में गरली स्कूल ने पहला, पल्यार स्कूल ने दूसरा और ग्रीन फील्ड स्कूल नगरोटा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।



