Follow Us:

संजौली मस्जिद मामला: 15 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद, सिविल सोसायटी ने दी चेतावनी

Sanjauli Mosque Controversy:  संजौली में मस्जिद के अवैध निर्माण को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। सिविल सोसायटी संजौली के अध्यक्ष विजय कुमार ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मस्जिद के अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई नहीं हुई, तो बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

इस विवाद की जड़ 2010 से जुड़ी है, जब मस्जिद में बिना अनुमति के तीन मंजिलों का निर्माण किया गया था। 2024 में इस मामले ने तूल पकड़ा। अवैध निर्माण को लेकर हिंदू संगठनों में धरना प्रदर्शन  हुए। पूरे देश में संजौली मस्जिद मामला सुर्खियों में रहा। इस दौरान  नगर निगम ने इसे अवैध करार देते हुए ध्वस्त करने का आदेश दिया था, जिसे मस्जिद प्रबंधन समिति ने अदालत में चुनौती दी। हालांकि, अदालत ने नगर निगम के आदेश को सही ठहराते हुए निर्माण गिराने का निर्णय बरकरार रखा। इसके बाद मस्जिद समिति ने स्वयं ही अवैध हिस्सों को गिराने की प्रक्रिया शुरू की थी।

सिविल सोसायटी के अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि प्रशासन को कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए और अवैध निर्माण को तत्काल गिराना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो बाजार पूरी तरह बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

सांप्रदायिक तनाव का माहौल!
मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव फ‍िर बढ़ सकता है।  कुछ स्थानीय व्यापारियों ने बाहरी विक्रेताओं के बहिष्कार के संकेत देते हुए अपने दुकानों पर ‘सनातन सब्ज़ी वाला’ जैसे बोर्ड लगा दिए हैं, जिससे सांप्रदायिक माहौल गर्माया रहा।  प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।