Follow Us:

हिमाचल: संजौली और रामपुर के बीच 21 अक्तूबर से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, रिकांगपिओ तक भी जाएगी उड़ान

➤ संजौली और रामपुर के बीच 21 अक्तूबर से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी, जो रिकांगपिओ तक उपलब्ध होगी

➤ यह उड़ान सेवा सप्ताह में तीन दिन यानी सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित की जाएगी

➤ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की घोषणा के बाद पवन हंस लिमिटेड द्वारा यह सुविधा शुरू की जा रही है


हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को सुगम परिवहन सुविधा देने के लिए प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि संजौली और रामपुर के बीच आगामी 21 अक्तूबर, 2026 से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी जाएगी। रामपुर से आगे यह हेलीकॉप्टर सेवा रिकांगपिओ तक भी उपलब्ध होगी। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।

जारी किए गए समय सारणी के अनुसार, संजौली से हेलीकॉप्टर प्रातः 9:55 बजे प्रस्थान करेगा और 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद यह उड़ान रामपुर से प्रातः 10:50 बजे चलकर 11:25 बजे रिकांगपिओ पहुंचेगी। वापसी की यात्रा में रिकांगपिओ से 11:30 बजे चलकर 12:05 बजे रामपुर पहुंचेगी और अंत में रामपुर से दोपहर 12:10 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:45 बजे संजौली पहुंचेगी।

इस पहल की पृष्ठभूमि के बारे में बताते हुए प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों के लोगों की आवागमन संबंधी कठिनाइयों को करीब से समझा और बेहतर संपर्क सुविधा की आवश्यकता महसूस की। स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने इस मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की थी, जिसके क्रियान्वयन के तहत पवन हंस लिमिटेड ने क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अंतर्गत शिमला-रामपुर मार्ग पर सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव दिया है।

इस सेवा के शुरू होने से रामपुर और संजौली क्षेत्र के लोगों को शिमला आने-जाने के लिए एक बेहतर और आरामदायक वैकल्पिक परिवहन साधन मिलेगा, जिससे यात्रा की कठिनाइयों में भारी कमी आएगी। सरकार की इस पहल से दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच को आसान बनाने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के तहत शिमला, रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं, जिसके तहत विभिन्न रूटों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।