Follow Us:

संतोषगढ़-जैजों सड़क के स्तरोन्नयन पर खर्च होंगे 500 करोड़: उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने संतोषगढ़–जैजों सड़क के स्तरोन्नयन के लिए ₹500 करोड़ की घोषणा की

छेत्रां पंचायत में नए कार्यालय और सामुदायिक केंद्र का लोकार्पण, ₹1 करोड़ अतिरिक्त अनुदान

 

हर घर और खेत तक जल पहुँचाने के लिए ₹75 करोड़ की ‘बीत एरिया फेज-2’ परियोजना जारी


ऊना, 30 अक्तूबर। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की है कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत संतोषगढ़–जैजों सड़क का 500 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नयन किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पीएम गति शक्ति परियोजना के अंतर्गत डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है, जिसका उद्देश्य बल्क ड्रग पार्क तक फोरलेन सुविधा विकसित करना है।

उपमुख्यमंत्री गुरुवार को ग्राम पंचायत छेत्रां में नव निर्मित पंचायत घर एवं सामुदायिक केंद्र के लोकार्पण के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर छेत्रां पंचायत में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह दो मंजिला भवन ग्राम पंचायत द्वारा स्वयं मात्र 70 लाख रुपये की लागत से किफायती ढंग से निर्मित किया गया है, जिसकी उपमुख्यमंत्री ने पंचायत द्वारा संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए सराहना की।

अग्निहोत्री ने आगे बताया कि छेत्रां पंचायत में सड़क सुधार एवं विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे सड़कों के साथ-साथ नालियों का निर्माण भी सुनिश्चित हो सकेगा और स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने अमराली में चल रही एक महत्वपूर्ण जल भंडारण टैंक परियोजना का भी जिक्र किया, जहाँ 25 मीटर ऊंचाई पर 25 लाख लीटर क्षमता का टैंक बनाया जा रहा है। इस 24 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के तहत, टैंक के नीचे एक कॉफी हाउस जैसी सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिसके 3.50 करोड़ रुपये के टेंडर पहले ही जारी हो चुके हैं।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास दलगत राजनीति से परे है और सरकार का उद्देश्य हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना तथा सबके कार्यों को प्राथमिकता से करना है।

उन्होंने ‘बीत क्षेत्र’ में जल प्रबंधन के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कभी पानी के संकट से जूझने वाला बीत क्षेत्र आज हर घर और हर खेत तक जल सुविधा से परिपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उठाऊ पेयजल योजना ‘बीत एरिया फेज-2’ पर कार्य जोरों पर है। इस योजना के तहत स्वां नदी से पानी उठाकर पालकवाह में 11 लाख लीटर क्षमता वाले टैंक तक पहुँचाया जाएगा, जहाँ से 43 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन और 80 किलोमीटर वितरण तंत्र के माध्यम से 28 गांवों की लगभग 50 हजार कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने यह भी बताया कि फेज-1 के तहत 44 करोड़ रुपये की लागत से 18 नलकूपों के माध्यम से किसानों तक पानी पहुँचाने का कार्य पूरा किया गया था, जिसके सतत प्रयासों के चलते कभी बंजर कहा जाने वाला बीत क्षेत्र आज नकदी फसलों का गढ़ बन चुका है

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 24 करोड़ रुपये की लागत से पूबोवाल, बालीवाल, हरोली और नगनोली में जलशक्ति विभाग की योजनाएं पूरी की गई हैं।

हरोली विस क्षेत्र को एक बड़ी सौगात देते हुए श्री अग्निहोत्री ने बताया कि इसके लिए एमसीएडी कंपोनेंट के तहत 100 करोड़ रुपये की नई सिंचाई योजना स्वीकृत की गई है। इसके अंतर्गत क्षेत्र को तीन क्लस्टर – टाहलीवाल, हरोली और खड्ड में विभाजित कर आधुनिक तकनीक से सिंचाई तंत्र को सशक्त बनाया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भभौर साहिब से पोलियां बीत तक 175 करोड़ रुपये की नई पेयजल योजना भी तैयार की जा रही है। क्षेत्र के लगभग हर गांव में जनता की सुविधा के लिए ट्यूबवेल लगाए जा चुके हैं; अब तक 218 ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं और शेष आवश्यकताओं को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को भी सरकार की प्राथमिकता बताया, जिसके तहत हाल ही में हीरां और बीटन पंचायतों में तालाबों के पुनरोद्धार हेतु 2–2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि वह पूर्ण विकसित हरोली के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल, पानी और बिजली के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों ने हरोली को विकास का मॉडल क्षेत्र बना दिया है।

इस अवसर पर छेत्रां पंचायत के प्रधान विकास सिंह ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का हार्दिक स्वागत किया और पंचायत को निरंतर विकास की राह पर अग्रसर रखने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा प्रदान की गई धनराशि से बाबा भर्तृहरि मंदिर परिसर में 25 लाख रुपये की लागत से शेड का निर्माण किया गया है। पंचायत में 4 ओपन एयर जिम और 3 रेन शेल्टर बनाए गए हैं। इसके अलावा हौदों का निर्माण, पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के कार्य और सड़क सुधार कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं। प्रधान ने पंचायत की कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।