Follow Us:

बिना भेदभाव ऊना में विकास कार्यों पर खर्च हो रहे करोड़ोंः सतपाल सिंह सत्ती

दीक्षा बैंस, ऊना |

छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के समीप 100 बिस्तर का मदर एंड चाइल्ड हेल्थ केयर सेंटर का निर्माण तेज गति से चल रहा है। इसके अलावा पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के निर्माण कार्य शुरू करने के लिए एक टीम यहां का दौरा करके गई है। सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है।

वहीं, ऊना विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए ग्राम पंचायत लोअर अरनियाला के प्रधान अशोक धीमान ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सतपाल सत्ती का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि सत्ती के नेतृत्व में ऊना विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। ऊना विधानसभा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रूपए के प्रोजेक्ट तेज गति से चल रहे हैं। जिसका आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।

सत्ती के प्रयासों से लोअर अरनियाला पंचायत घर बनाने के लिए 7.50 लाख रुपए,  45 लाख रुपए गांव की सभी सड़कों औऱ गलियों में पेवर टाइल्स डलवाने के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा ऊना सैनिक कैंटीन से लेकर गांव लोअर अरनियाला के लिए पुली निर्माण हेतु 7 लाख स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने ऊना से टक्का मार्ग के नवीनीकरण करवाने के लिए सतपाल सत्ती का आभार जताया है।