Follow Us:

सावन बरवाल ने 5000 मीटर दौड़ में 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ स्वर्ण पदक जीता

Sawan Barwal 5000m Record: मंडी जिले के जोगिंद्रनगर के प्रतिभावान धावक सावन बरवाल ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 5000 मीटर दौड़ में 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उत्तराखंड के देहरादून स्थित गंगा एथलेटिक्स ट्रैक में आयोजित 38वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उन्होंने 5000 मीटर दौड़ को मात्र 13 मिनट 45 सेकंड में पूरा कर महाराष्ट्र के धावक लक्ष्मण के 13 मिनट 58 सेकंड के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

इससे पहले, प्रतियोगिता के शुभारंभ में 10,000 मीटर दौड़ में भी सावन बरवाल ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने यह दौड़ 27 मिनट 49 सेकंड में पूरी कर उत्तराखंड के धावक अभिषेक पाल के एक साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त किया और स्वर्ण पदक जीता। इस दोहरी स्वर्णिम जीत के साथ सावन बरवाल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय एथलेटिक्स मानचित्र पर गौरवान्वित किया है।

धावक सावन बरवाल के एथलेटिक्स कोच गोपाल ठाकुर ने बताया कि सावन लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में रिकॉर्ड कायम कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष एशियन हाफ मैराथन में कांस्य पदक जीतने वाले सावन ने जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत के लिए स्वर्ण पदक भी जीता था।

सावन बरवाल का सफर

  • 2010 में एथलेटिक्स करियर की शुरुआत जोगिंद्रनगर के परमश्रेष्ठ प्रशिक्षण केंद्र में।
  • पहला पदक हिमाचल प्रदेश के लिए आंध्र प्रदेश में जीता।
  • राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम किया रोशन।
  • भारतीय सेना में शामिल होकर कॉमनवेल्थ खेलों के लिए कड़ी मेहनत जारी।

ओलंपिक में मेडल जीतने का लक्ष्य

सावन बरवाल ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत के बाद अपने प्रशिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि वह अब ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।