➤ स्कूल परिसर में मोबाइल लाने पर रोक, उल्लंघन पर 500 रुपये जुर्माना व जब्ती
➤ 69वीं अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल में हिमाचल विजेता, राजस्थान रनर-अप
➤ खेल सुविधाओं, डाइट मनी और खिलाड़ियों के रोजगार पर बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घुमारवीं में 69वीं अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल स्कूल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर घोषणा की कि 1 मार्च के बाद प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। स्कूल परिसर में मोबाइल मिलने पर 500 रुपये जुर्माना, मोबाइल जब्त किया जाएगा और अभिभावकों को बुलाकर समझाया जाएगा। बार-बार उल्लंघन पर शिक्षा विभाग द्वारा तय SOP के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस केवल नए स्कूल खोलना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। लंच टाइम में मोबाइल उपयोग से पढ़ाई पर असर पड़ता है, इसलिए यह कदम उठाया गया है।

उन्होंने स्कूलों में खेलों को बढ़ावा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहन, और खेल पर्यटन को बढ़ाने की बात कही। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदान विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। हाल ही में एशियन गेम्स से लौटी प्रदेश की बेटियों को रोजगार देने की घोषणा दोहराई गई।

मुख्यमंत्री ने विजेता हिमाचल टीम के लिए 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की। खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ाने, राज्य में 400 रुपये और राज्य से बाहर 500 रुपये देने, तथा 200 किमी से अधिक दूरी पर प्रतियोगिता होने पर हवाई सुविधा उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया। घुमारवीं में इंडोर स्टेडियम और स्कूल भवन निर्माण को गति देने तथा मोरसिंगी में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की बात कही।
फाइनल मुकाबले में हिमाचल ने राजस्थान को हराकर खिताब जीता, जबकि हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में देशभर की 30 टीमों ने भाग लिया।



