Follow Us:

शोभा यात्रा से शुरू होगा शाहपुर दशहरा उत्सव, ‘बेटी है अनमोल’ को समर्पित दूसरी सांस्कृतिक संध्या

|

 

Shahpur Dussehra Festival 2024:  उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने जानकारी दी है कि शाहपुर में जिला स्तरीय तीन दिवसीय दशहरा उत्सव का आयोजन 09 अक्तूबर को आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा द्वारा भव्य शोभा यात्रा के शुभारंभ के साथ होगा। उन्होंने बताया कि रामेश्वर मंदिर शाहपुर में राम प्रतिमा भूमि पूजन के साथ सांय चार बजे शोभा यात्रा आरंभ होगी, इसके बाद पहली सांस्कृतिक संध्या सांय छह बजे से दस बजे तक आयोजित की जाएगी। इस सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।

दूसरी सांस्कृतिक संध्या 10 अक्तूबर को होगी, जिसमें केसीसीबी के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया मुख्यातिथि होंगे। 11 अक्तूबर की सांस्कृतिक संध्या महिला कलाकारों के लिए समर्पित रहेगी, जिसका शीर्षक “बेटी है अनमोल” होगा। इस दिन विधायक कमलेश ठाकुर मुख्यातिथि और एडवोकेट अनूप रत्न विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में ममता भारद्वाज और वर्षा कटोच जैसे स्टार कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

12 अक्तूबर को सांय सात बजे आतिशबाजी शो और पुतले दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, दशहरा उत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता और विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक पहुंच सके।

उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विभागों से प्रदर्शनी लगाने के लिए उचित कदम उठाएं और उत्सव में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एडीएम डा. हरीश गज्जू, एसडीएम संजीव भोट, एसीटूडीसी सुभाष गौतम सहित शाहपुर उपमंडल के विभिन्न अधिकारी भी उपस्थित थे।