Follow Us:

शिमला में AI समिट विवाद पर BJYM का प्रदर्शन

 

➤ CTO चौक पर युवा कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी
➤ प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली ने कांग्रेस को बताया गैर-जिम्मेदार विपक्ष
➤ दिल्ली AI समिट में हुए विरोध के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन


दिल्ली में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने शिमला में युवा कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। राजधानी शिमला के CTO चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन दिल्ली के भारत मंडपम में हुए उस घटनाक्रम के विरोध में किया गया, जिसमें यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। इस घटना के बाद से राजनीतिक माहौल गर्म है और भाजपा व BJYM ने इसे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया है।

कांग्रेस जिम्मेदार विपक्ष नहीं: सुशील कड़शोली

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए BJYM प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जिम्मेदार विपक्ष नहीं रह गई है, बल्कि अराजक राजनीति का प्रतीक बन चुकी है।

कड़शोली ने दावा किया कि दिल्ली में हुआ प्रदर्शन पूर्व-नियोजित था और इसमें शामिल कुछ पदाधिकारियों को हिरासत में भी लिया गया।

तकनीक बनाम नकारात्मक राजनीति

BJYM नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति और व्यवधान पैदा करने में लगी हुई है।

इस अवसर पर भाजपा नेता संजय सूद, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट, मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, सह प्रभारी प्यार सिंह कंवर, सुदीप महाजन, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमित ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।