Follow Us:

शिमला में गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी, पहले 10 हजार के 20 हजार बनाकर जीता भरोसा, फिर सेवानिवृत्त अधिकारी से किस्तों में ठग लिए 1.29 करोड़ रुपये, 1930 पर शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज

➤ शिमला में गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर बुजुर्ग से 1.29 करोड़ रुपये की साइबर ठगी

➤ पहले 10 हजार के 20 हजार बनाकर जीता भरोसा, फिर किस्तों में ट्रांसफर करवाई जीवनभर की जमा पूंजी

➤ 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाना शिमला में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त अधिकारी को अपने जाल में फंसाकर उनसे 1.29 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ली। साइबर क्राइम सेल ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मामला कुछ दिन पहले का है। शिमला के रहने वाले बुजुर्ग ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश के लिए तकनीकी प्रशिक्षण देने की जानकारी दी गई थी। उन्होंने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो ठगों ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया।

इस ग्रुप में कुछ दिनों तक उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने के तरीके बताए गए। इसी दौरान गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश करने की सलाह भी दी गई। ठगों के जाल में फंसकर बुजुर्ग ने शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश किए। कुछ ही दिनों में यह रकम बढ़कर 20 हजार रुपये हो गई और उन्हें यह पैसा वापस भी मिल गया। इससे उनका भरोसा ठगों पर बढ़ता चला गया।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने एक के बाद एक कई किस्तों में 1.29 करोड़ रुपये, यानी अपनी जीवनभर की जमा पूंजी, ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।

इसी बीच ठगों ने शेयर बाजार में आई गिरावट का हवाला दिया। उन्होंने बुजुर्ग को बताया कि भारत सहित वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के कारण काफी नुकसान हुआ है। ठगों ने भरोसा दिलाया कि नुकसान की भरपाई कर दी जाएगी, लेकिन इसके लिए उन्हें और पैसे जमा करवाने होंगे। इस पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ।

इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने साइबर क्राइम थाना शिमला में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी प्रदेश में शेयर बाजार और गोल्ड में निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ने लोगों से एहतियात बरतने की सलाह दी है।

ऑनलाइन निवेश ठगी से बचाव के लिए जरूरी बातें: साइबर विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की ठगी का तरीका लगभग एक जैसा होता है। पहले छोटी रकम पर मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता जाता है, फिर बड़ी रकम लगवाई जाती है और अंत में घाटे या टैक्स के नाम पर और पैसे मांगे जाते हैं। सोशल मीडिया विज्ञापनों या व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मिलने वाली निवेश सलाह पर भरोसा न करें। कम समय में कई गुना मुनाफे का वादा हमेशा खतरे की घंटी है। निवेश केवल सेबी में पंजीकृत ब्रोकर और अधिकृत प्लेटफॉर्म के जरिए ही करें। किसी अनजान व्यक्ति के बताए निजी बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर न करें। बुजुर्ग अपने परिजनों को बड़े लेन-देन की जानकारी जरूर दें। ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए 1930 पर कॉल करें, क्योंकि शुरुआती घंटों में शिकायत दर्ज होने पर रकम फ्रीज होने की संभावना बढ़ जाती है।