Follow Us:

शिमला: 73वें गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल ने ली परेड की सलामी, बर्फ़बारी ने कार्यक्रम के बीच डाला ख़लल

पी.चंद |

हिमाचल प्रदेश में 73वें गणतंत्र दिवस पर शिमला में राज्‍यस्‍तरीय समारोह का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे के बाद मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में राज्‍यपाल डाक्‍टर राजेंद्र नाथ आर्लेकर ने राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया। राज्‍यपाल ने परेड की सलामी ली। जैसे ही हिमाचल के विकास को दर्शाती झांकियों का आना शुरू हुआ बर्फ़बारी भी शुरू हो गई। शिमला में रिज मैदान पर बर्फबारी होने के कारण गणतंत्र दिवस परेड का कार्यक्रम पूरा नहीं हो सका। इसलिए सांस्कृतिक कार्यक्रम गेयटी थियेटर में आयोजित किए गए।

कड़ाके की ठंड के बीच मनाए गए गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल राजेंद्र नाथ आर्लेकर ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और इसके महत्व के बारे में बताया। उन्होंने इस मौके पर राज्य सरकार द्वारा जनता के हित में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कोविड महामारी के दौरान सतर्कता बरतने का संदेश दिया है।

उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी गणतंत्र दिवस पर सबको शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने हिमाचल के ललिता वकील को चंबा रुमाल में और विद्यानंद सरैक को लोक संगीत के क्षेत्र में पद्मश्री मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि महामारी के इस दौर में भी सरकार ने हिमाचल के हर वर्ग का विकास जारी रखा और प्रदेशवासियों को किसी तरह की मुश्किलें नही आने दी।