Follow Us:

नगर निगम डिप्टी कंट्रोलर रामेश्वर का मिला सुसाइड नोट, लिखा- मेंटल प्रेशर और सर्विस डिप्रेशन

नगर निगम डिप्टी कंट्रोलर रामेश्वर शर्मा मौत मामले में मिला सुसाइड नोट

सुसाइड नोट में मेंटल प्रेशर और सर्विस डिप्रेशन का किया गया जिक्र

परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई, ऑफिस लॉबिंग पर भी सवाल


शिमला नगर निगम के डिप्टी कंट्रोलर रामेश्वर सिंह शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच के दौरान मृतक के घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने मानसिक दबाव और नौकरी से जुड़े अवसाद का जिक्र किया है। मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है और परिवार ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह रामेश्वर शर्मा रोजाना की तरह करीब 10 बजे कार्यालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने ऑफिस पहुंचने के बाद कुछ जरूरी काम किए और करीब 10 बजकर 20 मिनट पर छुट्टी लेकर घर लौट गए। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में 12:31 बजे का समय दर्ज पाया गया है, जिससे घटनाक्रम को लेकर जांच और तेज हो गई है।

मामले में आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मौत रस्सी से फंदा लगाने के कारण हुई है। रिपोर्ट के अनुसार शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार सुसाइड नोट में मृतक ने मेंटल प्रेशर और सर्विस डिप्रेशन का उल्लेख किया है। इसके बाद अब नगर निगम कार्यालय के अंदरूनी माहौल और कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं।

उधर, मृतक के परिजनों ने मामले में कई गंभीर सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें। परिजनों ने कार्यालय में कथित लॉबिंग और कार्यस्थल के दबाव को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

इस घटना के बाद नगर निगम और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग व अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच करवाई जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच जारी रखी है। अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगा।