➤ कानून व्यवस्था मजबूत रखना प्राथमिकता, पुलिस स्ट्रेंथ बढ़ाने पर जोर
➤ कंजेस्टेड एरिया में ट्रैफिक राइडर्स तैनात, स्टाफ की विशेष ब्रीफिंग
➤ नशा तस्करी के सप्लाई व डिमांड—दोनों पक्षों पर सख्त रणनीति
शिमला में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभालते ही गौरव सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में जहां-जहां रिक्तियां हैं, उन्हें शीघ्र भरकर फील्ड में प्रभावी तैनाती की जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि शहर के भीड़भाड़ वाले (कंजेस्टेड) इलाकों की पहचान कर वहां ट्रैफिक राइडर्स और अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। ट्रैफिक स्टाफ की विशेष ब्रीफिंग कर उन्हें सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस टीम सिविल प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर ट्रैफिक को सुचारु रखने की दिशा में काम करेगी।
नशा तस्करी पर उन्होंने कहा कि पुलिस केवल एक पहलू पर नहीं, बल्कि डिमांड और सप्लाई—दोनों पक्षों पर काम करेगी। NDPS एक्ट के तहत बड़े ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उनके नेटवर्क को तोड़ा जाएगा। साथ ही तस्करी से अर्जित संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत अटैच करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
एसपी ने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और नशा तस्करी पर सख्त कदमों से शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।



