Follow Us:

शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल की रोमांचक शुरुआत, हादसा टला

शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल में पायलट हादसे से बाल-बाल बचा
सात देशों के पायलट ले रहे हैं हिस्सा, चीन के टॉप पायलट भी शामिल
ग्रेट खली भी करेंगे एंट्री, शिमला को इंटरनेशनल पहचान दिलाने की कोशिश


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के जुन्गा में आज तीसरा फ्लाइंग फेस्टिवल रोमांच के साथ शुरू हो गया। हालांकि, पहले दिन ही एक बड़ा हादसा टलते-टलते बचा। पैराग्लाइडिंग के दौरान एक पायलट का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उसे केवल हल्की चोटें आईं और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।

शिमला के जुन्गा में लैंडिंग करते हुए पायलट।

यह तीन दिन तक चलने वाला यह आयोजन रोमांच प्रेमियों के लिए किसी पर्व से कम नहीं। इसमें सात देशों के पायलट अपनी दमदार उड़ान के साथ आकाश में रंग बिखेर रहे हैं। खास बात यह है कि चीन के टॉप रैंक वाले पायलट भी पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होकर हवा से दोस्ती कर रहे हैं।

शिमला में पैराग्लाइडिंग करते हुए पायलट।

आयोजक अरुण रावत के अनुसार, देश में पहली बार प्री वर्ल्ड कप और प्री एशियन लीग चैंपियनशिप का संयुक्त आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिमला को विश्व स्तरीय एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाना और हिमाचल को एयर स्पोर्ट्स और ईको टूरिज्म का प्रमुख केंद्र स्थापित करना है।

फेस्टिवल में 60 से अधिक लघु, सूक्ष्म, एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम भी देखने को मिलेगी। जहां 25 अक्टूबर को लोकगायक कुलदीप शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे, वहीं 26 अक्टूबर को मशहूर भारतीय रेसलर द ग्रेट खली (दलीप राणा) विशेष रूप से इवेंट में शामिल होंगे।

शिमला के जुन्गा में फ्लाइंग फेस्टिवल का शुभारंभ करते हुए सीएम के मीडिया एडवाइजर नरेश चौहान।

इस भव्य आयोजन को टूरिज्म डिपार्टमेंट, लोकल एडमिनिस्ट्रेशन और एमएसएमई मंत्रालय की संयुक्त मेहनत से बनाया गया है। इससे पहले भी जुन्गा में दो बार फ्लाइंग फेस्टिवल आयोजित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री सुक्खू की गैरमौजूदगी में उनके मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने फेस्टिवल का शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए और पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।