Follow Us:

शिमला के तारादेवी क्षेत्र ग्रीन एरिया घोषित, नए निर्माण पर लगी रोक, बिना अनुमति के नहीं काट सकेंगे पेड़।

Construction Ban in Taradevi-Shoghi : हिमाचल प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिमला के तारादेवी रेलवे स्टेशन से लेकर शोघी तक के पूरे क्षेत्र को ग्रीन एरिया घोषित कर दिया है। इस फैसले के तहत इस क्षेत्र में नए निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, जबकि पुनर्निर्माण की अनुमति केवल ओल्ड लाइन पर ही मिलेगी

इस निर्णय की पुष्टि वीरवार को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (TCP) द्वारा जारी अधिसूचना से हुई, जिसमें सरकार ने लोगों से 30 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां देने की अपील की है।

सरकारी भवनों पर भी लगेगी रोक

शिमला का यह क्षेत्र अपने घने जंगलों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। इस वजह से सरकार ने यहां किसी भी सरकारी या निजी नए भवन निर्माण पर रोक लगाने का फैसला लिया है। यदि पहले से बने भवनों का पुनर्निर्माण किया जाना है तो उसे भी ओल्ड लाइन पर ही बनाया जाएगा।

तारादेवी मंदिर कमेटी को भी यदि मंदिर परिसर में कोई नया निर्माण कार्य करवाना है, तो उसे सरकार से अनुमति लेनी होगी। सरकार की मंजूरी के बिना कोई भी नया निर्माण कार्य नहीं किया जा सकेगा।

कैबिनेट बैठक में लिया गया फैसला

जनवरी महीने में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस ग्रीन ज़ोन नीति पर निर्णय लिया गया था, जिसके बाद अब इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

जनता से सुझाव और आपत्तियां मांगी गईं

सरकार ने लोगों से 30 दिनों के भीतर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराने की अपील की है। इच्छुक लोग नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (TCP) के माध्यम से अपनी राय प्रस्तुत कर सकते हैं।