Follow Us:

श्याम भगत नेगी जल्द बन सकते हैं हिमाचल के नए पुलिस प्रमुख! DGP

➤ हिमाचल के नए DGP पद के लिए श्याम भगत नेगी की चर्चा तेज
➤ केंद्र में तैनात नेगी, 1990 बैच के वरिष्ठ IPS अफसर हैं
➤ अशोक तिवारी समेत तीन नामों का पैनल राज्य सरकार को भेजा गया


हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) पद के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्याम भगत नेगी प्रमुख दावेदार के रूप में उभरे हैं। वर्ष 1990 बैच के अधिकारी नेगी इस समय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय कैबिनेट सचिवालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सूत्रों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश सरकार को तीन वरिष्ठतम आईपीएस अधिकारियों के नामों वाला पैनल केंद्रीय स्तर से भेजा गया है, जिसमें श्याम भगत नेगी का नाम सबसे ऊपर माना जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश में यह पद 31 मई 2025 को डॉ. अतुल वर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद से रिक्त चल रहा है। तब से 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी अशोक तिवारी कार्यवाहक रूप में शीर्ष पद की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्हें भी DGP की दौड़ में मजबूत दावेदार माना जा रहा है। तीसरा नाम भी एक वरिष्ठ अधिकारी का है, लेकिन श्याम भगत नेगी की वरिष्ठता और केंद्रीय स्तर पर अनुभव को देखते हुए उनकी संभावनाओं को अधिक मजबूत माना जा रहा है।

राज्य सरकार अंतिम चयन करेगी कि तीन नामों में से कौन हिमाचल का अगला पूर्णकालिक डीजीपी बनेगा। नेगी की प्रशासनिक पकड़, खुफिया कार्यों में अनुभव और केंद्र में लंबे समय तक सेवाएं देने का रिकॉर्ड उनकी स्थिति को और मजबूत बनाता है।

अब नजरें राज्य सरकार पर टिकी हैं, जो इन नामों में से किसी एक को प्रदेश पुलिस का नेतृत्व सौंपेगी। फैसला आने वाले कुछ दिनों में हो सकता है।