➤ पूर्व मंत्री सिंघी राम ने भाजपा से दिया इस्तीफा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को भेजा त्यागपत्र
➤ पार्टी में सहज महसूस न करने की बात कही, कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं तेज
➤ रामपुर विधायक नन्द लाल के निधन के बाद उपचुनाव की सुगबुगाहट, इस्तीफे को इसी से जोड़कर देखा जा रहा
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री एवं रामपुर के पूर्व विधायक सिंघी राम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अलविदा कह दिया है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को अपना इस्तीफा भेज दिया है। पार्टी में रहते हुए खुद को सहज महसूस नहीं करने की बात कहते हुए उन्होंने भाजपा से अलग होने का निर्णय लिया है।
हालांकि, उन्होंने अभी तक किसी अन्य राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं ली है, लेकिन उनके कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। रामपुर से विधायक नन्द लाल के निधन के बाद उपचुनाव की चर्चाएं भी जोरों पर हैं। इसी से जोड़कर सिंघी राम के इस्तीफे को देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उपचुनाव की सुगबुगाहट के बीच यह कदम रामपुर की सियासत में नए समीकरण पैदा कर सकता है।
सिंघी राम का राजनीतिक सफर करीब चार दशक से अधिक समय तक कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा है। वह वर्ष 1984 से 2007 तक रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। रामपुर और प्रदेश की राजनीति में उनकी अलग पहचान रही है।
सिंघी राम का कांग्रेस से जुड़ाव छात्र राजनीति के दौर से ही रहा है। वर्ष 1975 में उन्होंने एनएसयूआई के माध्यम से राजनीतिक सफर शुरू किया था। इसके बाद वह युवा कांग्रेस में सक्रिय रहे और लंबे समय तक कांग्रेस संगठन के साथ जुड़े रहे। उनका अधिकांश राजनीतिक जीवन कांग्रेस की विचारधारा और संगठन के बीच ही बीता।
हालांकि, बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान सिंघी राम कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब पार्टी से इस्तीफा देने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि वह एक बार फिर अपने पुराने राजनीतिक घर कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं।
यदि उनकी कांग्रेस में वापसी होती है तो रामपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ शिमला जिले की राजनीति में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल सिंघी राम ने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में अब सबकी निगाहें उनके आगामी फैसले पर टिकी हैं।
गौरतलब है कि किसी विधानसभा सीट के रिक्त होने पर चुनाव आयोग को सामान्यतः छह माह के भीतर उपचुनाव कराना होता है। ऐसे में रामपुर सीट को लेकर आने वाले दिनों में सियासी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। स्थानीय स्तर पर पुराने और अनुभवी चेहरों की भूमिका ऐसे उपचुनावों में अक्सर अहम मानी जाती है, इसलिए सिंघी राम का हर कदम दोनों प्रमुख दलों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।



