➤ एसआईआर (SIR) के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे सौरभ भारद्वाज समेत 150 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है
➤ सुरक्षा व्यवस्था और एहतियात के तौर पर राजधानी दिल्ली के 12 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं
➤ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज शाम को मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर एसआईआर (SIR) के खिलाफ लेफ्ट, आम आदमी पार्टी और विभिन्न स्टूडेंट यूनियनों द्वारा शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आरएएफ के जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आप नेता सौरभ भारद्वाज समेत करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर एहतियात के तौर पर आसपास के 12 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अगले आदेश तक पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं, जिनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस और लोक कल्याण मार्ग जैसे महत्वपूर्ण मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
दूसरी तरफ, मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज शाम 4 बजे से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन करने वाली है। सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने इसे ‘प्रोटेस्ट 2.0’ बताते हुए देश भर के युवाओं से एक बार फिर एकजुट होने की अपील की है। प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई के शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में पुलिस बल को भारी संख्या में तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बनी रहे।
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान आरजेडी सांसद मनोज झा भी जंतर-मंतर पर पहुंचे और सरकार तथा प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए भी अनुमति की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने महात्मा गांधी की जयंती का हवाला देते हुए कहा कि देश को पुलिस स्टेट में बदल देने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और नेता अपने गलत फैसलों को छिपा नहीं सकते हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है तथा ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।



