Follow Us:

खराब मौसम में चूड़धार यात्रा न करें: सिरमौर प्रशासन की अपील

➤खराब मौसम में चूड़धार यात्रा से बचने की अपील
➤30 जून तक भारी बारिश और अलर्ट जारी
➤रास्ता भटकने और रेस्क्यू में होती हैं दिक्कतें



हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से खराब मौसम के बीच चूड़धार यात्रा न करने की अपील की है। आगामी 30 जून तक मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन के अनुसार हर साल मानसून के दौरान श्रद्धालु धुंध और फिसलन के कारण रास्ता भटक जाते हैं, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है।

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि बारिश और खराब मौसम में चूड़धार यात्रा करना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि अक्सर श्रद्धालु ऐसे मौसम में भी यात्रा पर निकल पड़ते हैं और कई बार रास्ता भटक जाने या फिसलने के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। प्रशासन को ऐसे में रेस्क्यू अभियान चलाने पड़ते हैं, जिनमें काफी समय और संसाधन लगते हैं।

प्रियंका वर्मा ने यह भी बताया कि कुछ श्रद्धालु रात के समय यात्रा करने का प्रयास करते हैं, जो पूरी तरह से असुरक्षित है। रात में घना कोहरा, तेज बारिश और सीमित दृश्यता हादसों की संभावना को और बढ़ा देती है। उन्होंने साफ कहा कि रात के समय किसी भी सूरत में चूड़धार यात्रा न की जाए।

हर साल मानसून सीजन में घाटी में अचानक फैलने वाली धुंध और खराब मौसम श्रद्धालुओं के लिए खतरा बन जाते हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक यात्रा टाल दें और प्रशासन तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें।