➤ सिरमौर के संगड़ाह में 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 4 की मौत
➤ महिला टीचर और बेटी समेत दो मासूम लड़कियां हादसे का शिकार
➤ घायल ड्राइवर को नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर, हादसे के कारणों की जांच जारी
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के संगड़ाह क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पियूलाणी-भलोना सड़क पर एक ग्रैंड आई-10 कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों में एक महिला टीचर अमरा देवी (52), उनकी 14 वर्षीय बेटी अराध्या, तथा प्रियंका (14) और सज्जन सिंह (62) शामिल हैं। अमरा देवी भलोना स्कूल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। इस हादसे में दो मासूम छात्राओं की मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक अजीत कुमार (33) को खाई से बाहर निकालकर पहले संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों की मदद से मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया, जिसके बाद पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क की हालत काफी खराब बताई जा रही है, हालांकि अभी तक दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद संगड़ाह क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क की स्थिति सुधारने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।