➤ सिरमौर जिले में बारात की कार खाई में गिरी, दो लोगों की मौत
➤ तीन लोग गंभीर रूप से घायल, दो की हालत नाजुक
➤ शादी की खुशियों पर मातम, पुलिस ने जांच शुरू की
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में दशहरे की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक बारात में शामिल कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की नैनाटिक्कर-ढंगयार सड़क पर घटी, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।
जानकारी के मुताबिक, बारात सोलन जिले के अर्की उपमंडल के घेणा भूमती गांव से पच्छाद के ढंगयार गांव जा रही थी। सुबह करीब 9 बजे, किला कलाच के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खुशियों से भरा माहौल एक ही पल में चीख-पुकार और मातम में बदल गया।
कार में पांच लोग सवार थे। हादसे में वीरेंद्र और लीला दत्त की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चालक केशव, जयदेव और कमलचंद घायल हुए हैं। घायलों में से जयदेव और केशव की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए एमएमयू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी जय सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
इस हृदय विदारक हादसे ने जहां शादी वाले घर को शोक में बदल दिया, वहीं पूरे गांव और क्षेत्र में गम का माहौल छा गया है।



