Follow Us:

हिमाचल में भारी बर्फबारी और बारिश के बाद हिमस्खलन का अलर्ट

डेस्क |

रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने लाहुल व मनाली क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के बाद हिमस्खलन की आशंका जताई है। लाहुल व मनाली के अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में ढाई से तीन फीट बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। डीजीआरई की ओर से हिमस्खलन की संभावना व्यक्त करने के बाद लाहुल स्पीति प्रशासन सतर्क हो गया है।

प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा है। भारी बर्फबारी के कारण मनाली के साथ लगते नेहरुकुंड और कुलंग के बीच, सोलंगनाला से साउथ पोर्टल और नार्थ पोर्टल से तांदी पुल तक जगह-जगह हिमस्खलन गिरने की आशंका है।

लाहुल स्पीति उपायुक्त की ओर से जारी एडवायजरी में कहा गया है कि जिला में भारी बर्फबारी हुई है जिसे देखते हुए डीजीआरई ने हिमस्खलन की संभावना जताई है। उन्होंने पंचायत प्रधानों, गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकर्स एव पैदल चलने वाले लोगों से आग्रह किया कि डीजीआरई की ओर से जताई गई हिमस्खलन की संभावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

प्रशासन ने ग्रामीणों को भी सतर्क रहने को कहा है तथा जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की बात कही है। एसडीएम केलंग प्रिया नागटा ने कहा लाहुल स्पीति में भारी हिमपात हुआ है जिससे हिमस्खलन की संभावना बढ़ी है। उन्होंने कहा ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों को सतर्क कर दिया गया है। प्रशासन हर परिस्थिति पर नजर रखे हुए है।