Follow Us:

धर्मशाला के खंडोता में स्नो वैली वारियर्स का स्वच्छता अभियान, पहाड़ों से 63 किलो प्लास्टिक हटाया, पर्यावरण बचाने का संदेश

धर्मशाला के खंडोता पर्यटन स्थल पर स्नो वैली वारियर्स का स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता अभियान
अभियान के तीसरे दिन पहाड़ों से 63 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र कर रिसाइकल के लिए भेजा
संस्थापक अविनाश शर्मा बोले—सफाई ही नहीं, लोगों की सोच बदलना भी अभियान का उद्देश्य


धर्मशाला। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्नो वैली वारियर्स की टीम ने धर्मशाला के खंडोता पर्यटन स्थल में विशेष स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का मकसद समाज में स्वच्छता के महत्व को बढ़ावा देना और लोगों को अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के तहत टीम ने सड़कों, गलियों, पार्कों, पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और जल स्रोतों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने मिलकर इलाके में फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्र किया और लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

स्नो वैली वारियर्स के संस्थापक अविनाश शर्मा ने बताया कि प्रगति सफाई अभियान का उद्देश्य केवल कचरा साफ करना नहीं है, बल्कि लोगों की सोच में बदलाव लाना भी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बना लें तो पर्यावरण को बचाने के साथ-साथ समाज को भी स्वस्थ और सुंदर बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य बेहतर होता है, बीमारियां कम होती हैं और समाज अधिक सुंदर और रहने योग्य बनता है। इसी सोच के साथ संगठन समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाता रहता है।

अभियान के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने पहाड़ी क्षेत्रों से करीब 63 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया। इस प्लास्टिक को अलग कर रिसाइकलिंग के लिए भेज दिया गया, ताकि इसे दोबारा उपयोग में लाया जा सके और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।

संगठन के सदस्यों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ा जाएगा, ताकि हिमाचल के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सके।

इस अभियान में अविनाश शर्मा, सोनू भारद्वाज, अजय, महिंद सिंह सिंघानिया, फारुख, सुजल, साहिल, मनीष शर्मा, राहुल, तनिषा, संजीता, सजना, प्रिया और स्वाति सहित कई स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।