Follow Us:

सोलन नगर निगम चुनाव के लिए BJP ने जारी किया संकल्प पत्र, पार्किंग और CCTV समेत कई बड़े वादों के साथ मैदान में उतरी BJP

➤ सोलन नगर निगम चुनाव के लिए BJP ने जारी किया संकल्प पत्र

➤ पार्किंग, CCTV, सफाई और पेयजल व्यवस्था सुधारने के बड़े वादे

➤ कांग्रेस सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर BJP का तीखा हमला


सोलन नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव के लिए अपना बहुप्रतीक्षित संकल्प पत्र जारी कर दिया। पार्टी ने शहर के विकास, ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता, महिलाओं की सुरक्षा, पेयजल आपूर्ति और आधारभूत सुविधाओं को केंद्र में रखते हुए कई बड़े वादे किए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि यह केवल चुनावी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि सोलन के समग्र विकास का विस्तृत रोडमैप है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का लक्ष्य सोलन को हिमाचल प्रदेश का सबसे स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और स्मार्ट शहर बनाना है।

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में प्रत्येक वार्ड में घर-घर कूड़ा संग्रहण की आधुनिक व्यवस्था लागू करने और वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने का वादा किया है। पार्टी ने कहा कि कूड़ा उठान व्यवस्था की डिजिटल मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी और सफाई कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत हो सके।

पेयजल समस्या को लेकर भी भाजपा ने कई घोषणाएं की हैं। पार्टी ने हर घर तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने, समयबद्ध पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने और लीकेज रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करने की बात कही है। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में समर्पित वाटर टैंक बनाए जाएंगे और शहर की सीवरेज व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।

राजीव बिंदल ने कहा कि सोलन शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल पार्किंग संकट के स्थायी समाधान के लिए प्रमुख स्थानों पर बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। भीड़भाड़ वाले बाजारों में दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी। वहीं रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन तैयार करने का भी वादा किया गया है।

भाजपा ने शहर में बढ़ते नशे के मामलों को लेकर भी सख्त रुख दिखाया। पार्टी ने चिट्टा और अन्य नशों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने, स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और नशा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। भाजपा ने सोलन को “नशा मुक्त शहर” बनाने का लक्ष्य घोषित किया है।

इसके अलावा संकल्प पत्र में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित करने का भी वादा किया गया। सार्वजनिक स्थलों और पैदल मार्गों पर बैठने की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम की सेवाओं का पूर्ण डिजिटलीकरण कर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, एनओसी और अन्य सेवाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार और कांग्रेस शासित नगर निगम पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम, प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक सभी कांग्रेस से होने के बावजूद जनता आज भी पानी, सफाई, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।

राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उनमें से अधिकांश धरातल पर पूरे नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि मुफ्त कूड़ा उठान, नियमित पानी की सप्लाई और शहर के विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित रह गए।

भाजपा ने दावा किया कि इस बार जनता विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के मुद्दों पर मतदान करेगी और नगर निगम में बदलाव लाएगी।