- सोलन में नशे की बढ़ती तस्करी के खिलाफ गैर शिक्षक महासंघ ने उठाया कदम
- चिट्टा तस्करी की सूचना देने वालों को 5,100 रुपये इनाम देने की घोषणा
- युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होगी
सोलन। जिले में नशे की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चिट्टा तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसे रोकने के लिए अब सरकारी और निजी संस्थाएं भी आगे आ रही हैं। गैर शिक्षक महासंघ ने इस दिशा में एक नई पहल की है। महासंघ ने चिट्टा तस्करी की सूचना देने वालों को 5,100 रुपये इनाम देने की घोषणा की है। यह फैसला महासंघ की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने की।
महासंघ ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। महासंघ की इस पहल का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को तोड़ना और युवाओं को इससे बचाना है। सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 98054-19590 जारी किया गया है।
महासंघ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘आओ खेलें, नशे से बचें’ नामक एक क्रिकेट प्रतियोगिता भी आयोजित कर रहा है। इस टूर्नामेंट में उपनिदेशक शिक्षा प्रारंभिक, उच्चतर और महासंघ की विभिन्न टीमें भाग लेंगी।
बैठक में महासंघ के महासचिव लीला दत्त शर्मा, सचिव मोहित शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा, अभिषेक कुमार, ओम प्रकाश, कमला देवी, सपना शर्मा और अमर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। महासंघ ने नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया है।



