Follow Us:

रक्षा बंधन पर सूनी नहीं रहेंगी सैनिकों की कलाइयां: धनेश्वरी ठाकुर

गौरव, कुल्लू |

वतन की सरहदों पर डटे जवानों की कलाइयां इस बार सूनी नहीं रहेंगी। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी और सदस्य सैनिक कैंपों में जाकर जवानों की कलाइयों पर राखी बांधेंगी। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि मोर्चा की सदस्य रक्षा बंधन के पर्व पर सरहदों और शिविरों में जाकर यह दायित्व निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह सौहार्द, भाई बहन के प्रेम पर आधारित विश्वास का पर्व है। जो कि एक उत्तरदायित्व से भी बंधा है। मोर्चा 14-17 अगस्त तक विभिन्न शिविरों में जाकर सामाजिक सरोकार के इस पर्व को मनाएगा। राखी  एक धागे का नाम नहीं है बल्कि इसका एक सबब भी है। इसमें सम्मान भी है जिम्मेदारी भी है। सैनिक कैंपों में जाकर जवानों को स्नेह की डोर बांधने हेतु प्रदेश कार्यलय द्वारा सभी स्तर के कार्यलयों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।

मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज से संगठन तत्ता पानी शिमला कैंप से इस पर्व को मनाने का श्रीगणेश करेगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को इस पर्व के साथ बीजेपी के सभी स्तर के कार्यलयों में ध्वजारोहण के कार्यक्रम होंगे। पार्टी कार्यलयों में तिरंगा लहराया जाएगा। इस दिन भाजपा के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों, शहीदों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सम्मानित भी करेंगे। सभी स्मारकों,स्वतंत्रता संग्राम सैनिकों, शहीदों की प्रतिमाओं पर मालार्पण कर नमन किया जाएगा। इस दिन देश से गंदगी, आतंकवाद, जातिवाद और संप्रदायवाद के खिलाफ संकल्प भी लिया जाएगा।