-
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण कमान (ARTRAC) का दौरा किया
-
लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने भारतीय सेना की रणनीति, प्रशिक्षण और नेतृत्व की जानकारी दी
-
मंत्री ने डिजिटल इंडिया, ऑपरेशन सिंदूर और पूर्व सैनिक कल्याण की सरकारी पहलों को रेखांकित किया
शिमला, पराक्रम चंद : भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण कमान (Army Training Command – ARTRAC) का औपचारिक दौरा किया। इस अवसर पर सेना प्रशिक्षण कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा, PVSM, AVSM, SM ने उन्हें सेना प्रशिक्षण कमान की भूमिका, उद्देश्यों और उपलब्धियों से अवगत कराया।
लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने मंत्री को बताया कि सेना प्रशिक्षण कमान देशभर में फैले 34 प्रमुख सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से भारतीय सेना की युद्ध तैयारी, रणनीतिक नेतृत्व निर्माण, भविष्य की सैन्य चुनौतियों के लिए सिद्धांत निर्माण और तकनीकी विकास जैसे विषयों पर कार्य कर रही है।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सेना की रणनीतिक, तकनीकी और कार्यात्मक दक्षताओं को सशक्त बनाने की दिशा में ARTRAC द्वारा की जा रही पहलों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रयासों, तकनीकी अवशोषण और डिजिटल इंडिया मिशन से जुड़े कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे “आत्मनिर्भर और युद्ध के लिए तैयार सेना” के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान उन्होंने मुख्यालय के अधिकारियों और जवानों के साथ संवाद करते हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत तीनों सेनाओं—सेना, नौसेना और वायुसेना के संयुक्त समन्वय और उसकी सफलता को “आतंकवाद के खिलाफ भारत की अडिग नीति” का परिचायक बताया।
उन्होंने एनसीसी की सदस्यता विस्तार, सैनिक स्कूलों के विकास, और पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ी सरकार की प्रतिबद्धताओं पर भी प्रकाश डाला। दौरे के अंत में उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सेना विरासत संग्रहालय परिसर में एक पौधा रोपण कर पर्यावरण और मातृत्व को समर्पित संदेश भी दिया।



