Follow Us:

देहरा को मिलेगी न्याय की राह, सुक्खू सरकार ने शुरू किए 200 करोड़ से अधिक के विकास कार्य

|

Dehra development projects: देहरा विधानसभा क्षेत्र, जो लंबे समय से विकास की दौड़ में पीछे रह गया था, अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है। क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने देहरा की ग्राम पंचायत गठुतर में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व में देहरा और यहां के लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया, जिससे क्षेत्र का विकास ठहर गया। अब, सुक्खू सरकार क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देकर देहरा के साथ न्याय करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

कमलेश ठाकुर ने जानकारी दी कि बीते तीन महीनों में देहरा विधानसभा क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रशासन को लैंड बैंक बनाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही सर्किट हाउस, इंडोर स्टेडियम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, देहरा अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट, और विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निर्माण भी शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि देहरा में बिजली की तारों को भूमिगत करने और जल स्रोतों के उपयुक्त दोहन जैसे कार्यों पर भी तेजी से काम हो रहा है। देहरा में बनखंडी में जूलोजिकल पार्क का कार्य भी जोरों पर है, और पौंग डैम के आसपास पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। इसके अलावा, सुक्खू सरकार कांगड़ा जिले को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिसमें देहरा को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।

विधायक ने ग्राम पंचायत गठुतर में लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और अधिकतम समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया। उन्होंने शेष समस्याओं को समयबद्ध तरीके से हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। पंचायत के प्रधान ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि गठुतर पंचायत के विकास के लिए सरकार द्वारा 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।