➤ सुंदरनगर में बेटे ने मां की लाठी मारकर की हत्या
➤ राज्य सचिवालय में कार्यरत महिला की मौके पर हुई मौत
➤ आरोपी बेटा गिरफ्तार, हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुंदरनगर के जयदेवी क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जयदेवी के उवाह निवासी खूब राम ने बताया कि खेमा राम पुत्र फागणु राम ने अपनी मां पार्वती देवी पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को रात करीब 11 बजे मिली।
सूचना मिलते ही बीबीएमबी कॉलोनी सुंदरनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खेमा राम ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी मां पर हमला किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार मृतका पार्वती देवी राज्य सचिवालय शिमला में कार्यरत थीं और छुट्टियों पर अपने घर आई हुई थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा भी शिमला में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है। परिवार के भीतर किसी विवाद की भी जांच की जा रही है।
डीएसपी सुंदरनगर भरत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस वारदात के बाद स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस जल्द ही हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा करने का दावा कर रही है।



