● सांसद सुरेश कश्यप ने मोदी सरकार के 11 वर्षों को गरीब कल्याण के लिए ऐतिहासिक बताया
● धारा 370, CAA, तीन तलाक जैसे बड़े फैसलों को देशहित में बताया
● सिरमौर को IIM, मेडिकल कॉलेज, ग्रीन कॉरिडोर जैसी सौगातों की दी जानकारी
देवेंद्र वर्मा, नाहन
शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को गरीब कल्याण और राष्ट्रीय विकास की दिशा में अत्यंत प्रभावी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए गए हैं, जिनका दूरगामी प्रभाव देखने को मिल रहा है।
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल देश में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए हैं, बल्कि संविधानिक और सामाजिक दृष्टि से भी कई बड़े परिवर्तन किए हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाना, नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लागू करना और तीन तलाक जैसे सामाजिक बुराई को समाप्त करना जैसे निर्णयों को देश के लिए क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सबका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति और नेतृत्व को जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब वैश्विक आर्थिक ताकत के रूप में उभर रहा है और आने वाले कुछ वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इस आर्थिक विकास में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है – युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के लिए विशेष योजनाएं चलाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 11 करोड़ किसानों को लाभ मिल रहा है, वहीं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना से भी लाखों किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से सिरमौर जिला को केंद्र सरकार की कई अहम परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने गिनाया कि बिलासपुर में AIIMS, ऊना में PGI सैटेलाइट सेंटर, बल्क ड्रग पार्क, और वंदे भारत ट्रेन हिमाचल की बड़ी सौगातें हैं।
सिरमौर जिला को IIM, मेडिकल कॉलेज और बहुप्रतीक्षित रेणुका डैम जैसी परियोजनाएं भी केंद्र की मदद से स्वीकृत हुई हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत से पांवटा साहिब-शिलाई-हाटकोटी ग्रीन कॉरिडोर नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य भी जारी है, जो पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देगा।
कुल मिलाकर, सुरेश कश्यप ने मोदी सरकार के 11 वर्षों को ‘जनहित और राष्ट्रहित’ का कार्यकाल बताया और भरोसा जताया कि भविष्य में इसके और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।