Follow Us:

सड़क हादसे में घायल परिवारों से मिले तरुण ठाकुर, जताया शोक

  • तरुण ठाकुर ने भुरला और झामड़ गांव के पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

  • हादसे में दो लोगों की मृत्यु, 22 घायल

  • सिराज युवा कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल सहगल भी मौके पर मौजूद रहे


मंडी, विपलव सकलानी : हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर ने नाचन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शाला के सनपालू गांव में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल गांव भुरला और झामड़ के पीड़ितों से मुलाकात की। इस हृदयविदारक दुर्घटना में अब तक दो लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो चुकी है, जबकि 22 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह हादसा स्थानीय लोगों के लिए गहरे सदमे का कारण बना है।

तरुण ठाकुर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति मिले। उन्होंने यह भी कामना की कि घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।

इस दुख की घड़ी में उनके साथ सिराज युवा कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल सहगल भी मौजूद रहे। उन्होंने भी सभी घायलों का हालचाल जाना, उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। दोनों नेताओं ने घायलों को हर संभव मदद और प्रशासन से उचित सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।