Follow Us:

स्पीति का ताशिगंग गांव दुनिया का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र, जून में होंगे यहां पंचायत चुनाव

पी.चंद, शिमला |

हिमाचल में पंचायतीराज चुनावों का बिगुल बज चुका है। चुनाव का दौर है तो आपको जानकारी दे दें कि हिमाचल के लाहौल-स्पीति जिले का ताशीगंग देश औऱ दुनिया का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र है। चीन सीमा से महज 10 किलोमीटर दूर 15 हजार 256 फीट की ऊंचाई पर यह पोलिंग बूथ है। स्पीति के मुख्यालय काजा से करीब 35 किलोमीटर दूर ताशीगंग में लोकसभा चुनावों के दौरान 49 पंजीकृत मतदाता थे।

गौर रहे कि पहले 14 हजार 567 फीट की ऊंचाई पर स्थित स्पीति के ही हिक्किम को दुनिया का सबसे ऊंचा पोलिंग बूथ होने का दर्जा प्राप्त था। अब यह रिकॉर्ड ताशीगंग के नाम दर्ज हो गया है। समुद्र तट से 4 हजार 650 मीटर की ऊंचाई पर स्थित होने के कारण ताशीगंग पहुंचने पर सांस लेने में दिक्कत होती है।

ऑक्सीजन की कमी और ज्यादा ऊंचाई पर होने के कारण यहां पेड़-पौधे तो दूर, घास भी मुश्किल से उग पाती है। लोकसभा चुनावों में ताशीगंग पोलिंग बूथ में कुल 49 मतदाता, जिनमें 29 पुरुष और 20 महिलाएं थीं। यहां पर पंचायत चुनाव जून माह में प्रस्तावित है।