Follow Us:

घर पहुंचा GS बाली का पार्थिव शरीर, माहौल हुआ गमगीन

डेस्क |

पूर्व मंत्री जीएस बाली का पार्थिव देह उनके निवास स्थान कांगड़ा पहुंच गया है। यहां उनके पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है। जीएस बाली का पार्थिव देह घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। यहां भारी संख्या में लोग अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री सरवीन चौधरी,  आशा कुमारी, पवन काजल,  अरुण मैहरा,  आशीष बुटेल, केवल पठानिया, अजय महाजन, चंद्र कुमार समेत कई दिग्गज नेता भी जीएस बाली के अंतिम दर्शन के लिए कांगड़ा पहुंचे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त भी कल जीएस बाली की अंत्येष्टि मे शामिल होने मुम्बई से कांगड़ा आएंगे।

रविवार सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक उनके पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां स्थित ओबीसी भवन में रखा जाएगा। जिसके बाद चामुंडा में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।

जीएस बाली के पार्थिव शरीर को दिल्ली से दो प्राइवेट जेट से कांगड़ा लाया गया। उनके साथ उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। गग्गल एयरपोर्ट पर उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का भारी हुजूम उमड़ा। जब उनके पार्थिव शरीर को कांगड़ा उनके आवास पर लाया जा रहा था, रास्ते में लोग उनको श्रद्धांजलि दे रहे थे। स्वर्गीय जीएस बाली के बेटे एंव कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रघुवीर सिंह बाली लोगों की श्रद्धांजलि को हाथ जोड़ कर स्वीकार करते रहे।

शुक्रवार देर रात दिल्ली स्थित AIIMS में पूर्व मंत्री GS बाली ने आखिरी सांस ली। वरिष्ठ नेता बाली काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनका AIIMS में इलाज चल रहा था। लेकिन, शुक्रवार देर शाम उनकी तबीयत काफी ज्यादा खराब हुई और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।