Follow Us:

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया भारतीय नौसेना के जहाज कुलिश का दौरा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज मंगलवार को अंडमान और निकोबार द्वीप की यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के जहाज कुलिश का दौरा किया। नवनियुक्त कम्पोनेंट कमांडर, अंडमान और निकोबार कमांड के कार्यवाहक कैप्टन आर विनोद कुमार और नौसेना कंपोनेंट कमांडर के चीफ स्टॉफ ऑफिसर कैप्टन प्रजित मेनन द्वारा राज्यपाल की अगवानी की गई।
यात्रा के दौरान राज्यपाल को कमांडर दीपक बाली, कमान अधिकारी, आईएनएस कुलिश द्वारा जहाज की भूमिका और क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई।

राज्यपाल को जहाज के संचालन कक्ष के चारों ओर ले जाया गया जिसमें सतह-विरोधी और वायु-विरोधी हथियारों के बारे में बताया तथा हथियारों की ट्रेनिंग सहित एक युद्धक ड्रिल का प्रदर्शन किया गया था। उन्हें नेविगेशन ब्रिज और हेलीकॉप्टर लैंडिंग डेक के आसपास भी ले जाया गया, जिसमें उन्हें समुद्र में नौसंचालन और हेलीकाप्टर संचालन की बारीकियों से अवगत करवाया गया।

राज्यपाल ने पूर्वी समुद्र के सामने की सुरक्षा के लिए नौसेना घटक द्वारा चुनौतीपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने जहाज की परिचालन तत्परता की भी सराहना की और आईएनएस कुलिश के पूरे चालक दल को अपनी शुभकामनाएं दीं।