Follow Us:

महाशिवरात्रि के दिन थुनाग में बड़ा हादसा, तीन युवकों की मौत

थुनाग क्षेत्र में तड़के जीप दुर्घटनाग्रस्त, तीन युवकों की मौत
दो की मौके पर गई जान, एक ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
एमडीआर-91 लम्बाथाच–कल्हणी मार्ग पर बुनालीधार के पास हुआ हादसा


महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिला मंडी के थुनाग क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तड़के करीब सुबह चार बजे एमडीआर-91 लम्बाथाच–कल्हणी सड़क पर बुनालीधार के निकट एक जीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

दुर्घटनाग्रस्त जीप में कुल चार युवक सवार थे। सभी युवक बगस्याड़-रहीधार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल पहुंचने के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

मृतकों की पहचान हृतिक ठाकुर (19 वर्ष, गांव रहीधार, डाकघर बगस्याड, तहसील थुनाग), सुनील (17 वर्ष, गांव वह, डाकघर केलोधार, तहसील चच्योट) और ईशान (18 वर्ष, गांव थरजूण, तहसील चच्योट) के रूप में हुई है। तीनों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांवों में मातम का माहौल है।

हादसे में घायल कुशाल (18 वर्ष, गांव वह, तहसील चच्योट) को प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जीप किसी कारणवश अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे जा गिरी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। जंजैहली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी जांच के साथ-साथ वाहन की स्थिति और सड़क की परिस्थितियों का भी आकलन किया जा रहा है।

शिवरात्रि जैसे धार्मिक पर्व के दिन हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।