HIMUDA land acquisition in Jwalamukhi: हिमाचल प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) ने जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी तहसील के मौहल भाटी क्षेत्र में 125 कनाल भूमि खरीदने का निर्णय लिया है। इस संबंध में हिमुडा की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बीओडी) बैठक में मंजूरी प्रदान की गई। प्रस्तावित भूमि पर फ्लैट्स और प्लॉट्स की उपलब्धता के साथ एक आधुनिक कॉलोनी विकसित की जाएगी।
बैठक के दौरान शिमला के निकट जाठियादेवी में बनने वाली माउंटेन सिटी परियोजना पर भी विस्तृत चर्चा हुई। नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस परियोजना से शिमला में भीड़भाड़ कम होगी और एक आधुनिक शहर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी।
बैठक में शिमला के विकास नगर में अत्याधुनिक व्यावसायिक परिसर के निर्माण की भी चर्चा हुई। इसके लिए विशेषज्ञ सलाहकारों की सेवाएं ली जाएंगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों में भूमि खरीद संबंधी परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जिसमें कांगड़ा जिले के नरघोटा में प्रस्तावित पर्यटन गांव परियोजना भी शामिल थी।
मंत्री धर्माणी ने कहा कि हिमुडा को औद्योगिक क्षेत्रों में परियोजनाओं के निर्माण की दिशा में भी कार्य करना चाहिए। इस बैठक में हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रधान सचिव आवास देवेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव हिमुडा संदीप कुमार, गैर सरकारी सदस्य और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



