Follow Us:

मंडी में सनरूफ पर शराब, खिड़की से सिगरेट… दिल्ली नंबर की कार और नशेडी कर रहे हदें पार!

  • दिल्ली नंबर की कार में शराब-सिगरेट पीते युवकों का वीडियो वायरल

  • सनरूफ और खिड़की से बाहर लटककर खुलेआम उड़ाई कानून की धज्जियां

  • स्थानीय लोगों में रोष पुलिस पर कार्रवाई और सख्त पेट्रोलिंग की मांग

विपलव सकलानी, मंडी


हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पर्यटकों की गैरजिम्मेदार हरकतों ने एक बार फिर देवभूमि की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। पंडोह के कैंची मोड़ पर किरतपुर-मनाली फोरलेन पर दिल्ली नंबर की एक कार में सवार युवकों द्वारा शराब और सिगरेट पीते हुए खुलेआम हुड़दंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कार की पहचान दिल्ली नंबर DL-10CZ-5714 किआ सिरोस के रूप में हुई है, जिसमें बैठे युवक चलती गाड़ी में सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर शराब और सिगरेट का सार्वजनिक सेवन करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक सनरूफ से बाहर निकलकर शराब पी रहा है, जबकि उसके साथी कार की खिड़की से आधे बाहर निकलकर सिगरेट के कश ले रहे हैं। सड़क पर यह दृश्य इतना चौंकाने वाला था कि राह चलते लोगों ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटक हिमाचल की संस्कृति और शांति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि देवभूमि की गरिमा से खिलवाड़ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हुड़दंगियों के खिलाफ डीएम एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा कि टूरिस्ट सीजन के दौरान फोरलेन जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

प्रशासन और पुलिस की तरफ से अभी तक इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन जनता का दबाव बढ़ता जा रहा है कि कानून को तोड़ने वालों को बख्शा न जाए।