➤ चंबा में महिला को तीन तलाक देने का मामला दर्ज
➤ पति और सास पर प्रताड़ना, मारपीट व घर से निकालने का आरोप
➤ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में तीन तलाक का मामला सामने आया है। एक मुस्लिम महिला की शिकायत पर महिला पुलिस थाना चंबा ने उसके पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका पति रुस्तम और सास मनीरा लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दे रहे थे। महिला का कहना है कि जब उसने प्रताड़ना का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के अनुसार लगातार उत्पीड़न के बाद उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने न्याय के लिए महिला पुलिस थाना चंबा का रुख किया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति रुस्तम के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा-4 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है। वहीं, सास मनीरा के खिलाफ प्रताड़ना और अन्य आरोपों को लेकर अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी ने कहा कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



