Follow Us:

चढ़ाई पर पीछे लुढ़का टिप्पर झुग्गी पर पलटा, मां-बेटी की मौत

➤ ऊना के बाथड़ी में चढ़ाई चढ़ते समय अनियंत्रित होकर झुग्गियों पर पलटा टिप्पर

➤ 10 फुट गहरे गड्ढे में बनी झुग्गी में सो रही मां और 6 साल की मासूम बेटी की दबकर मौत

➤ हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से हुआ फरार और पुलिस जांच में जुटी


हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तहत हरोली उपमंडल के औद्योगिक क्षेत्र बाथड़ी में रविवार शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया। यहां चढ़ाई चढ़ रहा एक अनियंत्रित टिप्पर अचानक पीछे की ओर लुढ़क गया और करीब 10 फुट गहरे गड्ढे में बनी प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों पर जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में झुग्गी के भीतर मौजूद मां और मासूम बेटी की मलबे में दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार शाम उस वक्त हुआ जब स्टोन क्रेशर से जुड़ा एक पंजाब नंबर का टिप्पर बाथड़ी क्षेत्र में चढ़ाई की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीखी चढ़ाई पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद भारी-भरकम टिप्पर अनियंत्रित होकर तेजी से उल्टी दिशा में पीछे की ओर लुढ़कने लगा। कुछ ही पलों में टिप्पर सड़क किनारे करीब 10 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरा, जहां प्रवासी कामगारों की कच्ची झुग्गियां बनी हुई थीं।

टिप्पर सीधे झुग्गी के ऊपर पलट गया, जिससे झुग्गी पूरी तरह ध्वस्त हो गई और उसके नीचे मौजूद लोग मलबे में दब गए। इस दिल दहला देने वाली घटना में 40 वर्षीय रिंकू देवी और उनकी महज 6 साल की मासूम बेटी कोमल कुमारी गंभीर रूप से कुचल गईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी टिप्पर चालक वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही हरोली के डीएसपी मोहन रावत भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत कर झुग्गी के मलबे और वाहन के नीचे से मां-बेटी के शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने फरार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है।