➤ लालसिंगी क्षेत्र में आग से 30 झुग्गियां पूरी तरह जलीं
➤ प्रवासी मजदूरों का राशन, नकदी और बर्तन तक खाक
➤ डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के लालसिंगी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 11:50 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पुराने होशियारपुर रोड पर स्थित प्रवासी मजदूरों की करीब 30 झुग्गियां देखते ही देखते आग की चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान तक समेटने का मौका नहीं मिला। मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले, लेकिन उनके आशियाने, राशन, कपड़े, बर्तन और नकदी सब कुछ आग में जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक झुग्गी में लगी आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल गई और आसपास की सभी झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका धुएं और आग की लपटों से भर गया, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए कुल 9 दमकल वाहनों का इस्तेमाल किया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फायर विभाग के अनुसार इस हादसे में करीब 2.90 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है, जबकि लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई परिवार बेघर हो गए हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
फायर स्टेशन अधिकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।



