Follow Us:

UPSC Result 2025: हिमाचल के युवाओं का कमाल, कुपवी के विकास पंवार ने हासिल की 159वीं रैंक

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में हिमाचल के कई युवाओं ने पाई सफलता
शिमला के कुपवी निवासी विकास पंवार ने देशभर में 159वीं रैंक हासिल की
कांगड़ा, बिलासपुर और नगरोटा क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं ने भी बढ़ाया प्रदेश का मान


शिमला। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में हिमाचल प्रदेश के कई प्रतिभाशाली युवाओं ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुपवी (शिमला) के जुब्बली गांव निवासी विकास पंवार ने 159वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

22 वर्षीय विकास पंवार पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुके हैं। उन्होंने पंचायत सचिव, टीजीटी कला और आयकर निरीक्षक की परीक्षाएं पास की थीं और इन पदों पर सेवाएं भी दे चुके हैं। इसके अलावा नवंबर 2025 में लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में अपनी प्रतिभा के दम पर 50 लाख रुपये जीतकर भी चर्चा में रहे थे।

विकास ने डीएवी न्यू शिमला से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से राजनीति शास्त्र में बीए (ऑनर्स) किया और यूजीसी-नेट भी क्वालिफाई किया। उनके पिता चतर सिंह दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं। विकास की इस सफलता से कुपवी क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी विकास पंवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विकास की यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और पूरे हिमाचल को इस उपलब्धि पर गर्व है।

वहीं कांगड़ा जिले के नूरपुर तहसील के जौंटा गांव निवासी संजीव कुमार ने भी यूपीएससी परीक्षा पास कर 844वीं रैंक हासिल की है। संजीव कुमार वर्तमान में हिमाचल पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं और नाहन में सेवाएं दे रहे हैं। नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की।

इसके अलावा नगरोटा बगवां क्षेत्र के धलूं गांव निवासी अदित्य धीमान ने 753वीं रैंक हासिल की है। अदित्य ने यह परीक्षा पहले ही प्रयास में बिना कोचिंग के पास की है। उन्होंने एनएलयूआई भोपाल से एलएलबी ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की है।

उधर बिलासपुर जिले के घुमारवीं के घुमाणी गांव के जितेंद्र चंदेल ने 804वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इससे पहले वह हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा में भी तीसरा स्थान प्राप्त कर चुके हैं और वर्तमान में उनकी ट्रेनिंग मंडी में चल रही है।

हिमाचल के इन होनहार युवाओं की सफलता से प्रदेश भर में खुशी की लहर है और युवाओं के लिए यह उपलब्धि प्रेरणा और उम्मीद का नया संदेश लेकर आई है।