Follow Us:

18+आयु वर्ग के लोगों के लिए आज से टीकाकरण अभियान शुरू, राज्य में स्थापित किए 809 केंद्र

पी. चंद, शिमला |

स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में 21 जून, 2021 से चलाए जाने वाले कोविड टीकाकरण अभियान में अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार राज्य के सभी कोविड टीकाकरण केंद्रों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा, जिसके लिए पूरे प्रदेश में टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि टीकाकरण योजना के अन्तर्गत स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं, अग्रिम पंकित के कार्यकर्ताओं, राज्य प्राथमिकता समूह और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए टीकाकरण की पहली और दूसरी खुराक वीरवार, शुक्रवार और शनिवार के दिन लगाई जाएगी। 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के वह लोग जो स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं, अग्रिम पंकित के कार्यकर्ताओं, राज्य प्राथमिकता समूह की श्रेणी में शामिल नहीं है उनके लिए टीकाकरण सत्र सोमवार, मंगलवार और बुधवार के दिन आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य ने पिछले एक सप्ताह में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के अब तक 2.92 लाख लोगों का टीकाकरण किया हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड वैक्सीन के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग 55 लाख पात्र लाभार्थी है और में लगभग 42 प्रतिशत पात्र आबादी को टीकाकरण की पहली खुराक लगाई जा चुकी हैं। संपूर्ण राज्य में लगभग 809 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 724 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों और 85 टीकाकरण केंद्र शहरी क्षेत्रों में बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि 21 जून, 2021 को 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग एक लाख पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय, दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण पंजीकरण ऑनसाइट किया जाएगा। शहरी क्षेत्र नगर निगम, एनएसी और नगर परिषद और नगर पंचायतों में स्थापित किए गए टीकाकरण केंद्रों में केवल उन्हीं लोगों के लिए टीकाकारण सत्र आयोजित किए जाएंगे जिन्होंने पूर्व में ही ऑनलाइन माध्यम से टीकाकरण अप्वाइंटमेंट ली है। उन्होंने शहरी क्षेत्रों के पात्र लाभार्थियों से आग्रह किया कि असुविधा से बचने के लिए वह अपनी अप्वाइंटमेंट पूर्व में बुक करवाने के बाद ही टीकाकरण केंद्रों में आए। सरकारी कोविड टीकाकरण केंद्रों में निःशुल्क कोविड टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी जबकि निजी अस्पतालों में वैक्सीन उत्पादकों द्वारा वैक्सीन के निर्धारित मूल्य के अतिरिक्त अधिकतम 150 रुपये प्रति डोज सेवा शुल्क लिया जा सकता है।

18-44 आयुवर्ग के लिए कांगड़ा जिला में 157 केंद्रों पर होगा टीकाकरण

कांगड़ा जिला में सोमवार को 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों को कोविड वैक्सीन लगाने के लिए 157 टीकाकरण केंद्र स्थापित किये जाएंगे इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ साथ शिक्षको आयुर्वेदिक विभाग के कर्मचारियों की सेवाएं भी ली जाएंगी ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्लाट बुकिंग की आवश्यकता नहीं है, टीकाकरण केंद्र पर ही पंजीकरण करने का प्रावधान किया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वैक्सीन लगाने में किसी भी तरह की दिक्कते नहीं आये।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गुरदर्शन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने टीकाकरण अभियान का विस्तारीकरण करते हुए सभी नागरिकों को कवर करने के लिए पहल की है और इस बाबत स्वास्थ्य निदेशालय से निर्देश भी प्राप्त हो गए हैं और संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारियों को भी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि  ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित टीकाकरण केंद्र में संबंधित क्षेत्र के लोगों का ही टीकाकरण किया जाएगा। 45 आयु वर्ग से उपर के लोगों को वीरवार, शुक्रवार और शनिवार को टीकाकरण सेशन आयोजित किए जाएंगे इसमें फ्रंटलाइन वर्कर्स और दूसरी डोज वाले नागरिक भी टीकाकरण करवा सकते हैं। सीएमओ डा गुरदर्शन ने कहा कि टीकाकरण केंद्रों पर ज्यादा भीड़ एकत्रित नहीं हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा