Follow Us:

सोनिया और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में आज होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

➤ रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, सोनिया और प्रियंका गांधी रहेंगी मौजूद
भव्य मंच, सुरक्षा के कड़े इंतजाम और हजारों समर्थकों के जुटने की तैयारी
वीरभद्र सिंह की जीवन यात्रा प्रदर्शनी और जनसभा भी होगी आयोजित


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रिज मैदान पर आज एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिलेगा। यहां आधुनिक हिमाचल के निर्माता, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शिरकत करेंगी। यह अवसर न केवल वीरभद्र सिंह के समर्थकों के लिए भावनात्मक होगा बल्कि प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी साबित होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, राजीव शुक्ल, और सचिन पायलट सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश भर से हजारों की संख्या में समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है जो वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देंगे।

शनिवार को सीआरपीएफ अधिकारियों ने रिज मैदान पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। देर शाम मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वयं तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के लिए रिज मैदान पर भव्य मंच बनाया जा रहा है। करीब 7,000 कुर्सियां लगाई जाएंगी, जबकि 1,000 कुर्सियां रिजर्व रखी जाएंगी। प्रवेश से पहले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। मंच के पास वीआईपी अतिथियों के लिए विशेष वेटिंग एरिया बनाया गया है।

समारोह में वीरभद्र सिंह की जीवन यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसे अतिथि सबसे पहले देखेंगे। इसके बाद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा और फिर श्रद्धांजलि व जनसभा होगी। जनसभा को प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री संबोधित करेंगे।

उधर, सोनिया गांधी रविवार को शिमला पहुंचेंगी। वह चंडीगढ़ से वायु मार्ग द्वारा आएंगी और फिर सड़क मार्ग से छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी के आवास जाएंगी। मुख्यमंत्री सुक्खू और विक्रमादित्य सिंह उनसे मुलाकात करेंगे। सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे मार्ग पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।