Follow Us:

बिलासपुर बस हादा: लैंडस्लाइड जोन की शिकायत पहले से थी तो होगी कठोर कार्रवाई

➤ बिलासपुर बस हादसे पर बोले मंत्री विक्रमादित्य सिंह, जांच के दिए सख्त निर्देश
➤ लैंडस्लाइड जोन की शिकायत पहले से थी तो होगी कठोर कार्रवाई
➤ कहा – अनुराग ठाकुर और कंगना रनौत खुद देंगे जयराम ठाकुर को जवाब



हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बिलासपुर जिले में मंगलवार देर शाम हुए बस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि हादसे की पूरी जांच के आदेश दे दिए गए हैं और अगर लैंडस्लाइड प्रोन एरिया की शिकायत पहले से विभाग के पास थी, तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रात को ही मौके पर पहुंच गए थे और प्रशासन ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं लगातार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के संपर्क में हैं ताकि किसी भी तरह की लापरवाही न हो और घायलों को शीघ्रतम उपचार मिल सके।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई थीं। स्थानीय लोगों ने इसे “लैंडस्लाइड प्रोन एरिया” घोषित करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि अगर इस बात की जानकारी विभाग को पहले से थी और कार्रवाई नहीं की गई, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश और जलवायु परिवर्तन के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं, इसलिए भविष्य में इस तरह के हादसों से बचने के लिए विभाग ठोस रणनीति पर काम करेगा।

इसके अलावा विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि आज कांग्रेस ऑफिस में आलाकमान के निर्देशों पर “वोट कर, गद्दी छोड़ो” अभियान को लेकर शिमला ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में उन्होंने कमेटी सदस्यों को हस्ताक्षर अभियान से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए और कांग्रेस सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर बल दिया।

मंत्री ने यह भी बताया कि 13 अक्टूबर को ऐतिहासिक रिज मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम की तैयारियां भी समीक्षा के दौर में हैं। उन्होंने कहा कि यह राजकीय स्तर का भव्य आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सभी कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस आलाकमान के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के सामने से पेड़ हटाए जाने की खबरों पर मंत्री ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “जयराम ठाकुर इस वक्त अपने ही नेताओं से निपटने में व्यस्त हैं, उनके बयानों का जवाब अब अनुराग ठाकुर और कंगना रनौत ही देंगे।