Follow Us:

हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह शादी के बंधन में बंधे, अमरीन कौर बनीं जीवनसंगिनी

PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह की शादी की रस्में चंडीगढ़ में शुरू
➤ दुल्हन अमरीन कौर, पंजाब यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर
➤ 24 सितंबर को शिमला में होगा भव्य रिसेप्शन

पराक्रम चंद, शिमला


हिमाचल प्रदेश के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह एक बार फिर जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। उनकी शादी की रस्में आज चंडीगढ़ में शुरू हो चुकी हैं। विक्रमादित्य सिंह की शादी अमरीन कौर से हो रही है, जो चंडीगढ़ के सेक्टर-2 निवासी सरदार जोतिंद्र सिंह सेखो और सरदारनी ओपिंद्र कौर की बेटी हैं। अमरीन पंजाब यूनिवर्सिटी में साइकोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। विवाह का आयोजन चंडीगढ़ स्थित अमरीन के निवास, हाउस नंबर-38, सेक्टर-2 में किया गया है।

आज शाम विवाह के बाद दूल्हा-दुल्हन शिमला लौटेंगे, जहां हॉली लॉज को वधु प्रवेश के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। इस मौके पर विशेष तैयारियां की गई हैं। विक्रमादित्य और अमरीन की दोस्ती करीब आठ-नौ साल पुरानी बताई जाती है, जो चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान शुरू हुई थी।

यह शादी विक्रमादित्य की दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी 2019 में सुदर्शना चूंडावत से हुई थी, लेकिन हाल ही में आपसी मनमुटाव के चलते दोनों का तलाक हो गया। विक्रमादित्य, हिमाचल के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह और उनकी दूसरी पत्नी प्रतिभा सिंह के बेटे हैं।

इस शादी का मुख्य कार्यक्रम 24 सितंबर को शिमला के एक निजी होटल में आयोजित होगा, जहां शानदार रिसेप्शन रखा गया है। इस समारोह में देश-प्रदेश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां और विशिष्ट व्यक्ति शिरकत करेंगे। हिमाचल के राजनीतिक गलियारों में यह शादी शाही अंदाज में चर्चाओं का केंद्र बन गई है।